Samastipur News: रोसड़ा। दरभंगा प्रमंडल के क्षेत्रीय अपर निदेशक (स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. राजीव कुमार सिंह ने सोमवार को अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं का नियमित रूप से ऑनलाइन अपडेट करने का निर्देश दिया। साथ ही मरीजों की सुविधा को देखते हुए एक्स-रे की संख्या बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि 30 वर्ष से अधिक उम्र के वैसे मरीज, जिनका रक्तचाप निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं है, उनकी ईसीजी जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए।
क्षेत्रीय अपर निदेशक ने अस्पताल के इंडोर, ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित चिकित्सकों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार, ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. फैयाज, डॉ. प्रमोद कुमार, अस्पताल प्रबंधक पूर्णेन्दु कुमार समेत अन्य चिकित्सक व कर्मी मौजूद थे।















Leave a Reply