भीषण गर्मी में बिहार संपर्क क्रांति का एसी बंद, नल में पानी नहीं, यात्री ने किया एक्स पर पोस्ट


जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Darbhanga Delhi Train: दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

भीषण गर्मी के बीच कोच का एसी बार-बार बंद होने, नलों में पानी न आने और बेडरोल की अधूरी किट को लेकर एक यात्री ने सोशल मीडिया पर रेलवे प्रशासन से सीधी शिकायत दर्ज कराई है।

एसी बंद और नल में पानी नहीं

ट्रेन में यात्रा कर रहे चंदन ठाकुर ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर रेल मंत्रालय और संबंधित जोन को टैग करते हुए बदहाली की तस्वीरें साझा कीं।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान भीषण गर्मी में कोच का एसी रुक-रुक कर बंद हो रहा है, जिससे डिब्बे के भीतर उमस और बेचैनी बढ़ गई है।

इसके अलावा कोच के शौचालयों और वॉशबेसिन के नलों में पानी न आने से दैनिक जरूरतों के लिए भी यात्रियों को परेशान होना पड़ा।

बेडरोल से हैंड टॉवल गायब

यात्री ने यह भी आरोप लगाया कि कोच अटेंडेंट द्वारा दिए गए बेडरोल में हैंड टॉवल (हाथ पोंछने का तौलिया) उपलब्ध नहीं कराया गया।

उन्होंने सवाल उठाया कि पूर्व मध्य रेल की सबसे प्रमुख और वीआईपी ट्रेनों में शुमार बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की ऐसी लचर व्यवस्था बेहद निराशाजनक है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव के चलते यात्रियों का सफर कष्टप्रद बन गया है।

त्वरित समाधान की मांग

यात्री ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेते हुए कोच की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी की इस महत्वपूर्ण ट्रेन में एसी, पानी और स्वच्छता जैसी बुनियादी सेवाओं में लापरवाही सीधे तौर पर यात्रियों के स्वास्थ्य और सुविधा से खिलवाड़ है। फिलहाल यात्री की शिकायत पर रेलवे के तकनीकी विंग से सुधार और त्वरित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *