मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पाठ का ऐलान, मेरठ पुलिस अलर्ट – meerut kesarganj mandi mosque hanuman chalisa police alert security ntcpvp


उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक मस्जिद के पास हनुमान चालीसा का पाठ करने के ऐलान के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है. शहर के केसरगंज मंडी इलाके में स्थित मस्जिद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. यहां अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर ये कदम उठाए गए हैं.

पुलिस ने इलाके में बढ़ाई निगरानी

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक हिंदू संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी मंगलवार को मस्जिद के पास हनुमान चालीसा का पाठ करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले कंटेंट और स्थानीय गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है.

इस मामले में मस्जिद के मुतवल्ली जुबैर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी है और कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने पुलिस से इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील भी की है. पुलिस के मुताबिक, केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद की ऊपरी मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य को करीब एक महीने पहले रोक दिया गया था. स्थानीय व्यापारियों की ओर से शिकायत मिलने के बाद निर्माण कार्य रुकवाया गया था. इसी मुद्दे से जुड़े घटनाक्रम के बीच अब हनुमान चालीसा के पाठ के ऐलान वाला वीडियो सामने आया है.

सोशल मीडिया के वायरल कंटेंट पर भी नजर

पुलिस अधीक्षक (सिटी) विनायक गोपाल भोसले ने मीडिया बातचीत में कहा कि मस्जिद के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है. पुलिस स्थानीय गतिविधियों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले कंटेंट पर भी नजर रख रही है. एसपी सिटी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना है और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी. पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *