इमेज स्रोत, Getty Images
एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में सोमवार को तेज़ गिरावट देखी गई. यह गिरावट एआई क्षेत्र के प्रमुख लोगों की ओर से इस तकनीक के विकास को धीमा करने की अपील के बाद आई है.
दक्षिण कोरिया में रातभर के कारोबार के दौरान चिप निर्माता एसके हाइनिक्स के शेयर 6.4% गिर गए, जबकि सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में 4.1% की गिरावट आई.
ओपन एआई में बड़ा निवेश करने वाली जापान की सॉफ़्टबैंक में 10% से अधिक की गिरावट आई.
यूरोप के शेयरों में भी यही रुझान देखने को मिला. सेमीकंडक्टर डिज़ाइन और निर्माण करने वाली जर्मनी की इन्फ़िनियॉन के शेयर 7.6% नीचे थे, जबकि चिप बनाने वाली दिग्गज डच कंपनी एएसएमएल के शेयर 5.2% गिर गए.
बीबीसी न्यूज़ के बिज़नेस रिपोर्टर निक एड्सर ने बताया है कि इन्वेस्टमेंट प्लेटफ़ॉर्म एजे बेल के निवेश निदेशक रस माउल्ड के मुताबिक़, एआई से जुड़े शेयर कुछ समय से लगातार बढ़ रहे हैं.
लेकिन यह चिंता अब इस क्षेत्र पर असर डाल रही है कि यह तकनीक ज़रूरत से ज़्यादा ताक़तवर होती जा रही है.
रस माउल्ड ने कहा, “ऐसा लगता है कि एआई की ताक़त उलटी पड़ सकती है. यह डर बढ़ रहा है कि एआई असाधारण गति से आगे बढ़ रहा है और इसमें अधिक सुरक्षा उपायों और कंट्रोल की ज़रूरत है.”
पिछले कुछ वर्षों में एआई और इससे जुड़ी कंपनियों में बड़े पैमाने पर इस उम्मीद के साथ निवेश हुआ है कि यह क्षेत्र लगातार बढ़ेगा और मुनाफ़ा देगा.
लेकिन कुछ लोगों का तर्क है कि एआई कंपनियों का मूल्यांकन नियंत्रण से बाहर हो गया है.
इससे 1990 के दशक के अंत में शुरुआती इंटरनेट आधारित कंपनियों के बीच देखे गए डॉटकॉम उछाल और गिरावट जैसे दोहराव की आशंका बढ़ गई है.
सैम ऑल्टमैन ने एक्स पर लिखा कि वह एन्थ्रोपिक (एआई सेफ़्टी और सुरक्षा कंपनी) की सलाह का पालन करेंगे और कंपनी में “अपने कर्मचारियों की तरह पहुंच” वाले स्वतंत्र मूल्यांकन करने वालों को नियुक्त करेंगे.
इसके बाद उन्होंने दो और पोस्ट किए, जिनमें उन्होंने दो बातों से बचने की चेतावनी दी.
पहला यह कि मानवता “एआई के हाथों भविष्य पर नियंत्रण खो सकती है”, या दूसरा, इससे ऐसी दुनिया बन सकती है जहां “ताक़त किसी ख़ास जगह पर बहुत ज़्यादा” हो.












Leave a Reply