IMD ने कहा है कि झारखंड में 8 अक्टूबर को अधिकांश स्थानों पर बारिश और 30-40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं ओडिशा में आंधी-तूफान, बिजली चमकने के आसार हैं, जबकि उत्तराखंड में बारिश होगी।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि कल यानी गुरुवार (08 अक्तूबर) को उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल और तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा बिहार, मध्य प्रदेश समेत कुल 16 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान तुछ जगहों पर 60 से 75 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार भी जताए गए हैं। IMD ने पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड की भी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने पड़ोसी देश नेपाल औप सटे बिहार, उत्तर प्रदेश और सिक्किम में भी शुक्रवार तक आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और रुक-रुककर बारिश की संभावना जताई है। हालांकि शनिवार से मौसम में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद जताई गई है।
IMD ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि उत्तरी पश्चिमी भारत के ऊपर एक कम दबाव वाला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसकी वजह से 8 और 10 अक्तूबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने कहा है कि राज्य में 8 और 9 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी/घंटा (झोंकों के साथ 50 किमी/घंटा) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि इसके साथ ही देश के कई हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
दक्षिण भारत में भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण भारत में केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 8 से 10 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। इस दौरान केरल में 30-40 किमी/घंटा की गति से हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 अक्टूबर को काफी बड़े इलाके में बारिश और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार-झारखंड और ओडिशा का क्या हाल?
मौसम विभाग ने कहा है कि झारखंड में 8 अक्टूबर को अधिकांश स्थानों पर बारिश और 30-40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं ओडिशा में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। बिहार में भी 8 से 10 अक्टूबर के दौरान अधिकांश इलाकों में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 11 से 13 अक्टूबर तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क (Dry) रहने का अनुमान जताया गया है।
उत्तर-पश्चिम, मध्य और अन्य राज्यों का हाल
IMD ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 8 अक्टूबर को काफी व्यापक बारिश के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में 40-60 किमी/घंटा की तेज हवाओं और आंधी के साथ बारिश और पूर्वी मध्य प्रदेश में बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 8 अक्टूबर को तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में 8 अक्टूबर का मौसम
मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार को मुख्य रूप से आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 33°C से 35°C (सामान्य के पास) और न्यूनतम तापमान 22°C से 24°C (सामान्य से 1.6°C से 3.0°C अधिक) रहने की संभावना है। हवा की गति दक्षिण-पूर्व दिशा से सुबह 15 किमी/घंटा की गति से हवा चलेगी, जो दोपहर में 18 किमी/घंटा और शाम/रात तक बढ़कर 20 किमी/घंटा हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2-3 दिनों के दौरान महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों तथा तेलंगाना व उत्तरी अंदरूनी कर्नाटक के हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की आगे वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।















Leave a Reply