‘फिट हो जा, टीम में रहेगा, फिर जवाब नहीं आया’, Virat Kohli ने वादा नहीं निभाया; अमित मिश्रा ने फोड़ा बम


स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारतीय टीम के पूर्व लेग स्पिनर अमित मिश्रा का अंतरराष्‍ट्रीय करियर अच्‍छे नोट पर समाप्‍त नहीं हुआ। 2017 में इंग्‍लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच उनका भारतीय टीम के लिए आखिरी मुकाबला रहा।

अमित मिश्रा का मानना है कि अगर वो चोटिल नहीं होते तो राष्‍ट्रीय टीम के लिए ज्‍यादा मैच खेल पाते। मिश्रा ने दावा किया कि उन्‍हें तत्‍कालीन कोच और कप्‍तान अनिल कुंबले व विराट कोहली ने वापसी का भरोसा दिलाया था। हालांकि, जब मिश्रा ने फिटनेस हासिल की तो कोहली ने उनके फोन और संदेशों का जवाब तक नहीं दिया।

मिश्रा ने क्‍या कहा

अमित मिश्रा ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के पोडकास्‍ट बैठ एंड बोल में शिरकत करके पूरा वाकया बताया। उन्‍होंने दावा किया कि कुंबले और कोहली के भरोसे खोखले निकले। भारतीय टीम के लिए उनका आखिरी मुकाबला बेंगलुरु टी20 इंटरनेशनल मैच बना।

मिश्रा ने कहा, ‘बेंगलुरु में मेरे पैर में चोट लगी थी। चोटिल होने के बाद जब मैं जा रहा था, तब अनिल कुंबले कोच थे। तो मैंने अनिल भाई से कहा तो जवाब आया- चिंता मत कर। जितना जल्‍दी फिट होगा, उतनी जल्‍दी टीम में वापसी होगी।’

कोहली ने किया वादा

मिश्रा ने आगे बताया, ‘इसके बाद विराट कोहली कप्‍तान बने। मैंने विराट से पूछा- भाई क्‍या करने की जरुरत है? उसने जवाब दिया- चिंता मत कर। पूरी तरह फिट हो जा। आप टीम में रहोगे।’

मिश्रा जब ठीक हुए तो कोहली को मैसेज करके अपनी वापसी की स्थिति जानना चाही। पूर्व लेग स्पिनर ने दावा किया कि कोहली ने सात से दस दिन में जवाब देने का वादा किया, लेकिन फिर कभी प्रतिक्रिया नहीं दी।

कोहली ने नहीं दिया जवाब

मिश्रा ने कहा, ‘मैं विराट के पास गया और पूछा- भाई क्‍या स्थिति है? तो उन्‍होंने जवाब दिया, ‘मैं सात से दस दिन में जवाब देता हूं। फिर सप्‍ताह गुजरते गए और उनकी तरफ से कोई अपडेट नहीं मिला। मैंने फोन किया तो जवाब नहीं। मैसेज किया तो कोई रिप्‍लाई नहीं।’ मिश्रा ने कोहली पर वादा नहीं निभाने का आरोप लगाया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *