एसीसी वुमेंस टी20 एशिया कप 2026 से ठीक पहले पाकिस्तान टीम की स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज नजीहा अल्वी घुटने में मोच की वजह से बाहर हो गई हैं।

najiha alvi ruled out
नजीहा अल्वी इंजरी के कारण बाहर(फोटोAgencies)
नई दिल्ली: एसीसी वुमेंस टी20 एशिया कप 2026 के शुरू होने से ठीक पहले पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज नजीहा अल्वी घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। नजीहा ने बाएं घुटने के पिछले हिस्से में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद किए गए स्कैन में मोच की संभावना जताई गई है। मेडिकल टीम की सलाह के बाद उन्हें चार हफ्तों के रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम के लिए भेजा गया है।

सदफ शमास को मिला टीम में मौका

नजीहा अल्वी के बाहर होने के बाद पाकिस्तान चयन समिति ने दाएं हाथ की बल्लेबाज सदफ शमास को एशिया कप की 15-सदस्यीय टीम में शामिल किया है। सदफ ने जनवरी 2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और वे अब तक 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। हालांकि, टी20 में उनका रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है और वे 10 पारियों में केवल 61 रन ही बना सकी हैं, जिसमें उनका औसत 6.1 का रहा है।

5 सितंबर को होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला

दुबई में 28 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को भारत, थाईलैंड और हांगकांग के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 1 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगा, जबकि 5 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा।

जेमिमा रोड्रिग्स भी चोट के कारण बाहर

भारतीय टीम भी इस बार अपनी प्रमुख बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स के बिना मैदान पर उतरेगी, जो इंग्लैंड में द हंड्रेड 2026 के दौरान चोटिल हो गई थीं। हालांकि, भारतीय टीम का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है और टीम अपने पहले मैच में 30 अगस्त को थाईलैंड से भिड़ेगी।

एशिया कप 2026 के लिए पाकिस्तान का स्क्वाड

फातिमा सना (कप्तान), आयशा जफर, इमान नसीर, एमान फातिमा, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), सदफ शमास, नशरा सुंधू, सादिया इकबाल, सायरा जबीन, शवाल जुल्फिकार, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी, वहीदा अख्तर।

ऋषिकेश कुमार सिंह

लेखक के बारे मेंऋषिकेश कुमार सिंहऋषिकेश कुमार सिंह (डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर)

ऋषिकेश कुमार सिंह वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2022 में ‘इंडिया टीवी’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे अप्रैल 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 3.5 साल का अनुभव है।

विशेषज्ञता: ऋषिकेश कुमार सिंह खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से झारखंड के बोकारो के रहने वाले ऋषिकेश कुमार सिंह ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर इन मीडिया में स्नातक किया। उन्होंने साल 2022 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।और पढ़ें