बुधवार (14 अक्टूबर) को भारत और वेस्टइंडीज के बीच हैदराबाद में खेले गए टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में शमर जोसेफ की गेंदबाजी चर्चा का विषय बन गई. वेस्टइंडीज ने यह मैच 24 रन से जीतकर पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर दी, लेकिन आखिरी ओवर में अर्शदीप सिंह के खिलाफ लगातार शॉर्ट गेंदें डालने के फैसले पर बंगाल के पूर्व क्रिकेटर श्रीवत्स गोस्वामी ने सवाल उठाए हैं.
श्रीवत्स गोस्वामी का मानना है कि जब भारत की जीत की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, तब शमर जोसेफ को अर्शदीप सिंह के शरीर को निशाना बनाकर गेंदबाजी करने के बजाय स्टम्प्स पर गेंद डालनी चाहिए थी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इसे खेल भावना के खिलाफ बताया.
भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 35 रनों की जरूरत थी और उसके पास सिर्फ एक विकेट बचा था. अर्शदीप सिंह स्ट्राइक पर थे, जबकि मयंक यादव दूसरे छोर पर मौजूद थे. ऐसे में वेस्टइंडीज की जीत लगभग तय मानी जा रही थी. शमर जोसेफ ने ओवर में अर्शदीप के खिलाफ शॉर्ट गेंदों का इस्तेमाल किया. इनमें से एक गेंद भारतीय तेज गेंदबाज के कंधे और बांह के आसपास लगी. दर्द के कारण अर्शदीप मैदान पर गिर पड़े, जिसके बाद फिजियो को मैदान पर आना पड़ा.
यह भी पढ़ें: IND vs WI: शाई होप का भारत में ‘हिट शो’… 4 शतक से टीम इंडिया की बॉलिंग EXPOSE!
कुछ देर बाद अर्शदीप सिंह ने दोबारा बल्लेबाजी शुरू की, लेकिन शमर जोसेफ ने शॉर्ट गेंदें डालना जारी रखा. इसके बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने डगआउट से अर्शदीप को रिटायर्ड हर्ट होने का संकेत दिया. इसके साथ ही भारत की पारी समाप्त हो गई. जोसेफ के इस रवैये पर श्रीवत्स गोस्वामी ने नाराजगी जताई. उन्होंने लिखा, ‘अर्शदीप के खिलाफ आखिरी तीन गेंदों पर शमर जोसेफ ने जो किया, वह मेरे लिए खेल भावना के खिलाफ है.’
श्रीवत्स गोस्वामी ने माना कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धी होता है, लेकिन उनके मुताबिक ऐसी स्थिति में गेंदबाज के पास दूसरा विकल्प भी था. उन्होंने आगे लिखा कि जोसेफ स्टम्प्स पर गेंदबाजी कर सकते थे, बजाय इसके कि वह बार-बार बल्लेबाज के शरीर की ओर शॉर्ट गेंदें डालते दिखाई दें. उनकी टिप्पणी के बाद मैच के अंतिम ओवर में जोसेफ की रणनीति चर्चा में आ गई. हालांकि, यह गोस्वामी की व्यक्तिगत राय है.
मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 247 रन बनाए थे. जवाब में भारतीय टीम 223 रनों तक ही पहुंच सकी और 24 रनों से मुकाबला गंवा दिया. इस जीत के साथ मेहमान टीम ने सीरीज 2-2 से बराबर कर ली. शमर जोसेफ अपनी तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं और नियमित रूप से 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंद डालते हैं.
—- समाप्त —-













Leave a Reply