पूर्व सांसद के बाद अब पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने भी छोड़ी BJP, फेसबुक पर डाली लंबी-चौड़ी पोस्ट, Uttar-pradesh Hindi News


बदायूं की बिल्सी सीट से विधायक रहे कुशाग्र सागर ने पार्टी की नीतियों से नाराज होकर भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस संबंध में फेसबुक पर लंबी-चौड़ी पोस्ट भी डाली है। माना जा रहा है कि कुशाग्र अब सपा ज्वाइन कर सकते हैं। हालांकि इसको लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। 

बदायूं, हिंन्दुस्तान संवाद। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को झटके पर झटका लग रहा है। अभी हाल में आंवला से पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने भाजपा छोड़कर सपा ज्वाइन की है। अब बदायूं की बिसौली विधानसभा सीट से विधायक रहे कुशाग्र सागर ने भी भाजपा से इस्तीफा देते हुए उन्होंने फेसबुक पर पार्टी की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई है। कुशागर ने सोशल मीडिया पर लंबी-चौड़ी पोस्ट भी लिखी है। माना जा रहा है कि जल्द ही कुशाग्र भी सपा ज्वाइन कर सकते हैं।

फेसबुक पर डाली भावुक पोस्ट में कुशाग्र सागर ने लिखा-11 साल तक परिवार समझकर सेवा की। किसी भी संगठन में 11 वर्ष तक जुड़े रहना सिर्फ राजनीतिक जुड़ाव नहीं, बल्कि भावनात्मक रिश्ता होता है। मैंने संगठन को अपना परिवार समझा, अपना 100% दिया, व्यक्तिगत कठिनाइयों और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हर संभव प्रयास किया। उन्होंने आगे लिखा कि दर्द पद या प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि सम्मान और विश्वास टूटने का है। जब 11 साल की मेहनत के बाद भी अपनापन नहीं मिला तो मन को ठेस पहुंची। यह अंत नहीं, आत्मसम्मान की नई शुरुआत है। उनके इस पोस्ट के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

नाराजगी की वजह

कुशाग्र सागर लंबे समय से वर्तमान विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू को भाजपा में अहमियत दिए जाने से नाराज चल रहे थे। आशुतोष मौर्य सपा से विधायक हैं, लेकिन राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद से उनके भाजपा की ओर झुकाव की चर्चाएं तेज हैं। अप्रैल 2024 में उनकी पत्नी सुषमा मौर्य (पूर्व चेयरमैन बिल्सी नगर पालिका) और बहन ने भाजपा ज्वाइन की थी। इसे 2027 के टिकट का ट्रेलर माना जा रहा था, जिससे कुशाग्र खेमे में असंतोष बढ़ा।

पिता भी रह चुके हैं विधायक

कुशाग्र सागर बिसौली के बड़े राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता योगेंद्र कुमार सागर विधायक रहे हैं। कुशाग्र खुद 2017 में भाजपा के टिकट पर 1,00,287 वोट पाकर 10,688 वोटों से जीते थे। 2022 में फिर आमना-सामना हुआ, लेकिन इस बार वह मात्र 1,834 वोटों के बेहद कम अंतर से चुनाव हार गए। उन्हें 1,08,735 वोट मिले जबकि आशुतोष मौर्य को 1,10,569 वोट मिले।

सपा में होंगे शामिल

कुशाग्र सागर जल्द ही समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बिसौली सीट पर बड़ा उलटफेर होगा। एक तरफ आशुतोष मौर्य का भाजपा में जाना और दूसरी तरफ कुशाग्र का सपा में आना। हालांकि अभी तक सपा ज्वाइनिंग की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *