उत्तर प्रदेश में साइबर ठगी के मामले कम नहीं हो रहे हैं। अब भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और चायल विधायक पूजा पाल भी साइबर ठगी की शिकार हो गई हैं। जालसाजों ने उनके खाते से 1.55 लाख रुपए निकाल लिए हैं।
उत्रत प्रदेश में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और चायल विधायक पूजा पाल के साथ भी साइबर ठगी हो गई हैं। पूजा पाल के साथ करीब 1.55 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल में सेंध लगाकर यूपीआई के जरिए लगभग दो सप्ताह में रुपये निकाले गए। धूमनगंज पुलिस तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
विधायक पूजा पाल की तहरीर के मुताबिक, यूबीआई शाखा धूमनगंज में उनका बैंक खाता है। आरोप है कि 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच यूपीआई के माध्यम से उनके बैंक खाते से कई बार में धनराशि निकाली गई। 14 सितंबर को इसकी जानकारी होने पर बैंक खाते की जांच कराई गई, तो करीब 1.55 लाख रुपये के अनधिकृत लेनदेन का पता चला। तहरीर में आशंका जताई गई है कि उनके आईफोन में किसी तरह अनधिकृत प्रवेश किया गया होगा। इसके बाद बिना जानकारी और अनुमति के यूपीआई के माध्यम से खाते से रकम निकाली गई।
लेनदेन, यूटीआर और ट्रांजेक्शन आईडी खंगाल रही सालबर सेल
मोबाइल में मौजूद व्यक्तिगत और महत्वपूर्ण डाटा के अनधिकृत एक्सेस या लीक होने की आशंका भी जताई गई है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच हुए सभी यूपीआई लेनदेन, यूटीआर और ट्रांजेक्शन आईडी खंगाल रही है। साइबर सेल की मदद से मोबाइल, यूपीआई और बैंकिंग सुविधा में अनधिकृत पहुंच की भी जांच की जा रही है। धूमनगंज पुलिस का कहना है कि संदिग्ध व्यक्ति, डिवाइस और यूपीआई आईडी की पहचान कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ में साइबर जालसाजों ने दो बुजुर्ग समेत चार के खातों से उड़ाए 8 लाख
आपको बता दें कि साइबर ठगी के मामले थमने के नाम नहीं ले रहे हैं। लखनऊ में भी साइबर जालसाजों ने दो बुजुर्ग समेत चार लोगों के खातों से 8.01 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस के मुताबिक जालसाजों ने कहीं ग्रीन गैस कर्मी, पीएनबी कर्मी बनकर ठगा तो कहीं आरटीओ चालान का लिंक भेजकर खाता खाली कर दिया। ठगी के मामले महानगर, सआदतगंज व मड़ियांव थाना क्षेत्रों के हैं। पुलिस ने चारों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार महानगर के निशातगंज मेट्रो सिटी निवासी 74 वर्षीय डॉ. सैयद गौहर आलम रिजवी ने बताया कि 3 सितंबर को व्हाट्सएप पर ग्रीन गैस लिमिटेड के लोगो के साथ कॉल आई। फोन पर मौजूद व्यक्ति ने मीटर अपडेट के नाम पर बिल भुगतान के लिए लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके एचडीएफसी खाते से 95 हजार रुपये निकल गए।













Leave a Reply