सस्ता हुआ पेट्रोल, डीजल के दाम पर लगा झटका, इस सरकार का बड़ा फैसला, Business Hindi News


मिडिल ईस्ट तनाव कम होने के बाद कच्चे तेल की तेजी पर भी ब्रेक लगा है। इस माहौल के बीच, भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोल की कीमतों में एक बार फिर से कटौती की है। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 0.94 रुपये की कमी की। हालांकि, हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 0.54 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

क्या है नई रेट लिस्ट

इस बदलाव के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की खुदरा कीमत 324.98 रुपये प्रति लीटर पर है। वहीं, हाई-स्पीड डीजल की बात करें तो यह 382.79 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। सरकार पेट्रोल पर 114 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 100 रुपये प्रति लीटर का टैक्स और ड्यूटी लगा रही है। बता दें कि डीजल की कीमत 3 अप्रैल को दर्ज किए गए सबसे ऊंचे स्तर 520.35 रुपये से कम हुई है।

28 फरवरी को अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद इसकी कीमत 281 रुपये प्रति लीटर से बढ़ना शुरू हुई थी। मार्च के पहले सप्ताह में 266 रुपये से बढ़ना शुरू होने के बाद पेट्रोल की कीमत 3 अप्रैल को 458.41 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी।

हर दिन तय हो रही हैं कीमतें

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए अब ईंधन की कीमतें रोजाना तय की जाएंगी। सरकार मार्च की शुरुआत से ही ईंधन की कीमतों में साप्ताहिक बदलाव की घोषणा कर रही थी। इसके साथ ही ग्लोबल टेंशन के कारण तेल की आपूर्ति में संभावित रुकावट के बीच ईंधन बचाने के उपाय भी कर रही थी।

पाकिस्तान में पेट्रोल का इस्तेमाल मुख्य रूप से निजी गाड़ियों, छोटी गाड़ियों, रिक्शा और दो-पहिया वाहनों में होता है। ऐसे में इसकी कीमत में बदलाव का असर मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग पर पड़ता है। इसी तरह, डीजल की कीमतों में बदलाव का असर भी आम जनता पर पड़ता है क्योंकि इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से भारी परिवहन क्षेत्र, बिजली संयंत्रों और बड़े जनरेटरों में होता है।

भारत में पेट्रोल और डीजल

गुरुवार को भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रहीं जबकि अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) द्वारा तय की जाने वाली पेट्रोल और डीजल की कीमतें दिल्ली, मुंबई, गुरुग्राम और जयपुर जैसे प्रमुख शहरों में बिना किसी बदलाव के बनी हुई हैं। देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। वहीं, डीजल ₹95.20 रुपये पर है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *