बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने अपने दिवंगत बेटे शमशेर के जन्मदिन पर एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने उनके फैंस को भावुक कर दिया। वीडियो में अभिनेत्री अपने बेटे की कब्र के पास जमीन पर बैठी नजर आ रही हैं। वह कब्र पर फूल रखती हैं और अपने आंसुओं को रोक नहीं पातीं। बेटे को खोने का दर्द उनके चेहरे और आंखों में साफ नजर आता है। इस वीडियो के साथ सेलिना ने एक लंबा और बेहद भावुक नोट भी लिखा है, जिसमें उन्होंने अपने बेटे को याद करते हुए मां के दर्द, प्यार और उस खालीपन के बारे में बताया है, जिसे वह आज भी महसूस करती हैं। एक्ट्रेस इन दिनों मुश्किल वक्त से गुजर रही हैं और वो अपने सोशल मीडिया पर अक्सर जिंदगी का हाल बयां करती रहती हैं।
शमशेर के जन्मदिन पर याद किया बेटा
सेलिना ने अपनी पोस्ट की शुरुआत हैशटैग #HappyBirthdayInHeaven के साथ की। उन्होंने लिखा कि उनकी इच्छा है कि जब जिंदगी अपने स्वाभाविक अंत तक पहुंचे तो भारत में उनका अंतिम संस्कार किया जाए और उनकी अस्थियां ऑस्ट्रिया में उनके बेटे शमशेर के साथ रखी जाएं। अभिनेत्री के मुताबिक एक मां की इससे बड़ी इच्छा क्या होगी कि वह उस बच्चे के करीब रहे, जिसे वह ज्यादा समय तक अपनी बाहों में नहीं रख सकीं। सेलिना ने बताया कि अप्रैल में जब वह ऑस्ट्रिया गई थीं, तब उन्होंने यह वीडियो रिकॉर्ड किया था। उस समय उन्हें नहीं पता था कि वह अगली बार अपने बेटे की कब्र पर कब जा पाएंगी। इसलिए उन्होंने उस पल को कैमरे में कैद कर लिया, ताकि जब वह शमशेर से दूर हों तो इस याद को अपने पास रख सकें।
यहां देखें पोस्ट
‘मैं टूटी हूं, लेकिन मजबूत हूं’
अपने बेटे को संबोधित करते हुए सेलिना ने लिखा कि वह अपने बच्चों के लिए आगे बढ़ती रहेंगी। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि अप्रैल में ऑस्ट्रिया की यात्रा के दौरान वह अपने दूसरे बेटों से नहीं मिल पाईं। अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि यह स्थिति उन्हें भीतर से तोड़ती है, लेकिन वह मजबूत बनी हुई हैं और अपने बच्चों के लिए जिंदगी जीती रहेंगी। सेलिना ने अपने बच्चों को याद करते हुए कहा कि वह अपने चारों बच्चों को हमेशा अपने दिल में लेकर चलती हैं। उन्होंने शमशेर के जुड़वां भाई अर्थु की आंखों में भी अपने भाई के लिए तड़प देखी है। अभिनेत्री का मानना है कि शमशेर कहीं न कहीं अपने भाई पर नजर रखता है और शायद उसकी मां पर भी।
परिवार से जुड़े मामलों का भी किया जिक्र
अपने भावुक पोस्ट में सेलिना ने परिवार से जुड़े चल रहे कानूनी मामलों और अनिश्चितता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह दोबारा कब ऑस्ट्रिया जाकर अपने बेटे की कब्र के पास बैठ पाएंगी। उनके मुताबिक, बेटे के पास लौटकर बैठने जैसी छोटी सी इच्छा भी इस समय उनके लिए बेहद मुश्किल लग रही है। अभिनेत्री ने यह भी लिखा कि उन्होंने अपने परिवार के साथ जिंदगी बनाने के लिए अपना देश, माता-पिता, काम और अपने परिचित जीवन को पीछे छोड़ दिया था। अब उन्हें कभी-कभी ऐसा महसूस होता है जैसे उन्हें दस्तावेजों और शब्दों के जरिए यह साबित करना पड़ रहा है कि मां बनने के बाद से उनके बच्चों के लिए जो प्यार उनके भीतर रहा है, वह उनकी जिंदगी का हिस्सा है।
‘कोर्ट के सामने मां का प्यार कैसे रखूं?’
सेलिना के पोस्ट की सबसे भावुक बातों में से एक वह सवाल है, जिसमें उन्होंने पूछा कि एक मां अदालत के सामने अपनी पूरी जिंदगी के प्यार को आखिर कैसे शब्दों में रख सकती है। उन्होंने अपने बेटे से माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें यह सब रिकॉर्डिंग के जरिए कहना पड़ रहा है, जबकि वह चाहती हैं कि वह अपने दूसरे बेटों से सीधे बात कर सकें और उन्हें खुद बता सकें कि उनकी मां हमेशा उनके साथ है। अभिनेत्री ने अपने बच्चों के लिए लिखा कि उन्हें उनका प्यार पाने के लिए कुछ करने की जरूरत नहीं है। उनका प्यार हमेशा उनका रहेगा और उनसे कभी दूर नहीं होगा।
‘मैं हमेशा तुम्हारी मां रहूंगी’
सेलिना ने शमशेर और अर्थु दोनों को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा उन दोनों बच्चों की मां रहेंगी, जिन्हें उन्होंने उस दिन दुनिया में लाया था। पोस्ट के अंत में उन्होंने अपने बेटे से फिर मिलने की उम्मीद जताई और लिखा कि तब तक वह आगे बढ़ने की ताकत जुटाती रहेंगी। सेलिना का यह वीडियो सिर्फ एक मां के अपने दिवंगत बच्चे को याद करने की कहानी नहीं है, बल्कि उस दर्द की झलक भी देता है जो किसी बच्चे को खोने के बाद जिंदगी भर साथ रहता है। कब्र के पास बैठी अभिनेत्री की आंखों से बहते आंसू और बेटे के लिए लिखे उनके शब्द सोशल मीडिया यूजर्स को भी भावुक कर रहे हैं। उनके पोस्ट में एक मां का अपने बच्चे के लिए ऐसा प्यार दिखाई देता है, जो दूरी और वक्त के बावजूद कम नहीं हुआ है।
सेलिना कर रहीं कमबैक
बता दें, एक्ट्रेस का पति के साथ डिवोर्स केस चल रहा है, ऐसे में वो अपने बच्चों से नहीं मिल पाती जो पिता के साथ रहते हैं और उनसे मिलने की एक्ट्रेस को इजाजत नहीं है। इसके अलावा उनका भाई विदेशी जेल में है, जिसके लिए वो समय-समय पर सरकार से गुहार लगाती रहती हैं। एक्ट्रेस का भाई एक्स आर्मी अफसर है। एक्ट्रेस सालों बाद बॉलीवुड फिल्मों में कमबैक करने के लिए तैयार हैं। शादी के बाद सेलिना ऑस्ट्रेलिया में सेटल हो गई थीं, लेकिन अब वो अपनी भारत लौटकर फिल्मी दुनिया में दोबारा कदम रख चुकी हैं। एक्ट्रेस जल्द ही फिल्म ‘सिस्टर निबेदिता’ में नजर आएंगी। इस फिल्म के पोस्टर के साथ ऐलान भी मेकर्स ने कर दिया है।
ये भी पढ़ें: 90s में टॉप हीरोइन नगमा का था जलवा, सलमान-शाहरुख संग दीं हिट पर हिट, अब सालों बाद आईं नजर, पहचानना हुआ मुश्किल















Leave a Reply