MP-CG TOP NEWS: भोपाल निगम परिषद की बैठक में कमर्शियल टैक्स के विरोध में प्रदर्शन, 5 साल के प्रयान का India Book of Records में दर्ज नाम


MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें… 

जीवाजी यूनिवर्सिटी फीस बढ़ोतरी के खिलाफ NSUI ने खोला मोर्चा
जीवाजी यूनिवर्सिटी में डिग्री के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले छात्रों को भारी झटका लगा है. एमपी ऑनलाइन में जीवाजी यूनिवर्सिटी की डिग्री की फीस ₹31 से बड़ा कर 1031 रुपए कर दी गई है जिससे छात्रों में भारी नाराजगी है. छात्रों के साथ NSUI ने तो मोर्चा भी खोल दिया है. जीवाजी यूनिवर्सिटी में डिग्री के आवेदन शुल्क में अचानक 32 गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी का मामला सामने आया है. एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर डिग्री के लिए आवेदन की फीस 31 रुपए से बढ़ाकर 1031 रुपए कर दी गई. यानी छात्रों से बिना पूर्व सूचना 1000 रुपए अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं.

सतना के सरकारी स्कूल में घुसा विशालकाय नाग, दहशत में बच्चे और शिक्षक
सतना के माध्यमिक शाला उरई चुआ में जहरीला सांप कुर्सी में लिपटा मिला. कुर्सी के गैप में फंसे नाग को स्थानीय लोगों ने कुर्सी समेत स्कूल से बाहर निकाला. घटना की सूचना वन विभाग को दी गई.

पढ़ाई के लिए लड़ीं बेटियां, आखिरकार जीतीं; सराफा कन्या स्कूल शिफ्टिंग पर रोक
उज्जैन में सराफा कन्या स्कूल की छात्राओं के विरोध के बाद प्रशासन ने स्कूल को फिलहाल दाऊदखेड़ी शिफ्ट करने का फैसला टाल दिया है. नई और नजदीकी व्यवस्था होने तक छात्राएं मौजूदा भवन में ही पढ़ाई करेंगी. स्कूल दूर जाने से पढ़ाई छूटने और सुरक्षा को लेकर छात्राओं और अभिभावकों की चिंता थी. प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने छात्राओं को उनकी सुविधा और सुरक्षा का भरोसा दिलाया.

भोपाल निगम परिषद की बैठक में हंगामा, कमर्शियल टैक्स के विरोध में प्रदर्शन
नगर निगम परिषद की बैठक में विपक्षी पार्षदों ने तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की. पार्षद कमर्शियल टैक्स वापस लेने की मांग को लेकर आसंदी के पास पहुंच गए. वहीं, सदन के बाहर व्यापारी भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

भोपाल में टैक्सी चालकों की हड़ताल जारी, आज बोर्ड ऑफिस पर धरना
भोपाल में 3,500 टैक्सी चालक तीन दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन भी प्रदर्शन कर रहे हैं. चालक आज बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना देंगे. उनकी मांगों में तय किराया लागू करना, निजी वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक और एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी पर अंकुश शामिल है.

नर्सिंग छात्रों का CM हाउस मार्च, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका
भोपाल में नर्सिंग छात्रों ने परीक्षा और रिजल्ट की मांग को लेकर सीएम हाउस की ओर मार्च किया. पुलिस ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोक दिया. छात्र पिछले 5 साल से परीक्षा और परिणाम घोषित नहीं होने के विरोध में 8 अगस्त से प्रदर्शन कर रहे हैं.

5 साल के प्रयान ने रचा इतिहास, India Book of Records में दर्ज हुआ नाम
महज 5 साल के प्रयान शर्मा ने 195 UN मान्यता प्राप्त देशों के झंडों की पहचान और नाम 6 मिनट 40 सेकंड में बताकर India Book of Records में अपना नाम दर्ज कराया. उन्हें ‘IBR Achiever’ सम्मान से नवाजा गया. प्रयान की इस उपलब्धि पर परिवार और क्षेत्रवासियों ने बधाई दी.

रायपुर में बच्चे की मौत पर नगर निगम का घेराव
अमलीडीह में 4 साल के बच्चे की नाले में डूबने से मौत के बाद मोहल्ले वासियों ने जोन-10 कार्यालय का घेराव किया. लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की.

सतना में लोकायुक्त का ट्रैप, सहकारी बैंक CEO रिश्वत लेते गिरफ्तार
सतना में लोकायुक्त पुलिस ने सहकारी बैंक के CEO के.ई. शर्मा को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा. नागौद के समिति संचालक की शिकायत पर कार्रवाई हुई. धान खरीदी केंद्र में शॉर्टेज के सेटलमेंट के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है. मामले में सर्किट हाउस में कार्रवाई जारी है.

भिंड में बिना लाइसेंस नूडल्स कारखाने पर छापा, 4 लाख का माल जब्त
भिंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिना लाइसेंस और गंदगी के बीच चल रहे नूडल्स कारखाने पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान 200 कट्टे मैदा और 50 कार्टून नूडल्स जब्त किए गए. रियल गोल्ड मोटी सेवई के नाम से पैकेट मिले, जिन पर ग्वालियर और झांसी का पता दर्ज था. रक्षाबंधन से पहले इन्हें पड़ोसी जिलों में बेचने की तैयारी थी. खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल की टीम ने सैंपल लेकर करीब 4 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त कर सील किया.

जशपुर में जर्जर स्कूल भवन, छत से टपक रहा पानी
बगीचा विकासखंड के गमहारकोना प्राथमिक स्कूल भवन की हालत खराब है. बारिश के दौरान छत से पानी टपकने पर स्कूल के अंदर प्लास्टिक लगाकर बच्चों को बैठाया जा रहा है. इससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने स्कूल के अंदर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है.

पन्ना में मूसलाधार बारिश, अस्पताल से होमगार्ड कार्यालय तक जलभराव
पन्ना में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। जिला अस्पताल की छत से पानी टपकने और परिसर में जलभराव से मरीजों व परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, होमगार्ड कार्यालय भी पानी से भरकर तालाब जैसा नजर आने लगा है।

बिजुरी की वॉलीबॉल टीम ने रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार जीता गोल्ड
अनूपपुर के रामकृष्ण विवेकानंद विद्यापीठ बिजुरी की वॉलीबॉल टीम ने मध्य प्रदेश CBSE स्कूल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया. उज्जैन में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में टीम ने भोपाल को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. टीम की इस शानदार उपलब्धि पर SECL हसदेव क्षेत्र के एरिया जनरल मैनेजर मनोज विश्नोई विद्यालय पहुंचे और खिलाड़ियों, कप्तान छवि सिंह, कोच बलराम त्रिपाठी और मैनेजर रंजना मिश्रा को बधाई दी. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई.

SDM की गाड़ी को लगाना पड़ा धक्का, वीडियो वायरल
सिवनी कलेक्ट्रेट परिसर में SDM की गाड़ी की बैटरी खराब होने से वाहन स्टार्ट नहीं हो सका. इसके बाद ड्राइवर और लोगों ने धक्का लगाकर गाड़ी को स्टार्ट किया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अनुबंधित वाहनों की व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं.

मेडिकल कॉलेज में 1.63 करोड़ के गबन का खुलासा, 3 गिरफ्तार
जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में 2020 से 2025 के बीच 1 करोड़ 63 लाख 75 हजार रुपये के गबन का मामला सामने आया है. गढ़ा पुलिस ने पांच कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो की तलाश जारी है. आरोप है कि छात्रों की फीस के साथ IPD और OPD से मिलने वाली राशि की रसीद बुक में एंट्री तो की गई, लेकिन पूरी रकम बैंक में जमा नहीं कराई गई. मेडिकल कॉलेज मैनेजमेंट की जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने कार्रवाई की.

रीवा में बाढ़ का संकट, कई गांव बने टापू
रीवा के तराई क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. बेलन, टॉमस, नैना और महाना नदियां उफान पर हैं. चाकघाट क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क प्रभावित होकर वे टापू में तब्दील हो गए हैं. बिजली स्टेशनों में पानी भरने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है.

राष्ट्रगीत विवाद पर भूपेश बघेल का BJP पर तंज
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने राष्ट्रगीत विवाद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की भारतीयता पर सवाल उठाना निंदनीय है. बघेल ने कहा कि अगर कानून बना है तो उसका पालन किया जाएगा, लेकिन सवाल उठाया कि महात्मा गांधी, रवींद्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल और राजेंद्र प्रसाद जैसे नेताओं ने भी वंदे मातरम् गाया था, तो क्या उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी. उन्होंने इस तरह की भाषा की कड़ी निंदा की.

बाबा महाकाल के दरबार में आस्था का सैलाब, 77.51 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. 30 जुलाई से 17 अगस्त 2026 तक 77,51,231 श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके हैं. 16 अगस्त को सबसे ज्यादा 7,0 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि 15 अगस्त को 6,57,218 श्रद्धालु पहुंचे. अभी सावन का एक सोमवार बाकी है. इसके बाद भादो के दो सोमवार भी होंगे. ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

पेंच में हाथी महोत्सव 2026 का आगाज, 6 दिन हाथियों की होगी शाही खातिरदारी
सिवनी के पेंच टाइगर रिजर्व में छह दिवसीय हाथी महोत्सव 2026 शुरू हो गया है. महोत्सव के दौरान 10 सेवारत हाथियों और 2 शावकों की खास देखभाल की जाएगी. हाथियों को पसंदीदा भोजन, रोजाना स्नान, नीम तेल से मालिश और स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं मिलेंगी. उनके नाखूनों की ट्रिमिंग भी की जाएगी. साथ ही महावतों का स्वास्थ्य परीक्षण कर हाथी-महावत के बेहतर समन्वय पर भी ध्यान दिया जा रहा है.

कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विरोध में आज निगम का घेराव
भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स आज सुबह 10:30 बजे ISBT स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगा. प्रमुख व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे और कमर्शियल लाइसेंस शुल्क को तत्काल स्थगित या वापस लेने की मांग करेंगे. प्रदर्शन के बाद महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और निगम कमिश्नर संस्कृति जैन को ज्ञापन सौंपा जाएगा.

आज आएगी लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त, खातों में मिलेंगे ₹1,750
मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज बड़ी खुशखबरी है. मुख्यमंत्री मोहन यादव मैहर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के जरिए 1 करोड़ 25 लाख से ज्यादा पात्र महिलाओं के खातों में ₹1,500 की 39वीं किस्त ट्रांसफर करेंगे. रक्षाबंधन के विशेष शगुन के तौर पर ₹250 अतिरिक्त मिलेंगे, यानी हर पात्र बहना के खाते में कुल ₹1,750 आएंगे.

इंदौर में जीतू यादव का बीजेपी से निष्कासन खत्म, MIC में वापसी पर नजर
इंदौर के निष्कासित पार्षद जीतू यादव का बीजेपी से निष्कासन खत्म कर दिया गया है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि उन्हें भी इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिली है. उन्होंने साफ किया कि जीतू यादव की MIC में वापसी को लेकर फैसला पार्टी करेगी. पार्षद कमलेश कालरा से विवाद के बाद जीतू यादव को पार्टी से निष्कासित किया गया था. अब रमेश मेंदोला और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा की पहल के बाद निष्कासन खत्म होने की जानकारी सामने आई है. पार्टी के अगले फैसले के बाद उनकी नई भूमिका तय होगी.

100 करोड़ के ISBT में भंडारा, बस संचालन शुरू नहीं होने पर उठे सवाल
इंदौर के कुमेड़ी स्थित करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बने ISBT परिसर में भंडारे का आयोजन हुआ. बस संचालन अब तक शुरू नहीं हुआ है और परिसर करीब दो साल से बंद पड़ा है. यात्रियों के लिए बनाई गई सीटों पर बैठकर लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया, जबकि टर्मिनल के अंदर ही भोजन तैयार किया गया. भंडारे की अनुमति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. IDA अधिकारियों ने आयोजन की जानकारी होने से इनकार करते हुए मामले की जांच कराने की बात कही है. आयोजन में जनप्रतिनिधि और पार्षद भी शामिल हुए.

इंदौर पुलिस थानों का रिपोर्ट कार्ड जारी, लसूड़िया नंबर-1
इंदौर में जुलाई महीने की पुलिसिंग का रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है. अपराधियों पर कार्रवाई और पुलिसिंग के प्रदर्शन के आधार पर 32 थानों की रैंकिंग तय की गई. लसूड़िया थाना पहले, बाणगंगा दूसरे और चंदन नगर तीसरे स्थान पर रहा. राजेंद्र नगर चौथे और राऊ थाना पांचवें नंबर पर रहा. वहीं पंढरीनाथ थाना रैंकिंग में सबसे नीचे रहा. कमजोर प्रदर्शन वाले थानों को अब विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी. पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने रिपोर्ट कार्ड जारी किया.

गरियाबंद में सूखा नदी के उफान में बहा शिक्षक, ग्रामीणों ने बचाया
गरियाबंद के छुरा थाना क्षेत्र में सूखा नदी के बाढ़ के पानी में बह रहे शिक्षक नंदकुमार का पुलिस और ग्रामीणों ने सुरक्षित रेस्क्यू किया. शिक्षक मिडिल स्कूल सिवनी जाने के लिए निकले थे, लेकिन घर वापस नहीं लौटे. परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसी दौरान ग्रामीणों ने नदी में एक व्यक्ति को बहते देखा और पुलिस की मदद से शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस के अनुसार शिक्षक की हालत ठीक है.

सुकमा में नक्सली डंप का खुलासा, जंगल से विस्फोटक सामग्री बरामद
सुकमा के चिंतलनार थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जंगल में छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री बरामद की है. पुलिस को मिली सूचना के आधार पर CRPF और चिंतलनार पुलिस की संयुक्त टीम ने इत्तलंका गांव के पास तलाशी अभियान चलाया. BDD टीम की मदद से संदिग्ध बैग को सुरक्षित तरीके से जांचा गया. पुलिस ने सामग्री को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

इंदौर में लाखों की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
राऊ पुलिस ने पलाश परिसर के फ्लैट में 4 अगस्त को हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3.20 लाख रुपये का माल बरामद किया है, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और नकदी शामिल हैं. पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंची. खंडवा से रंजीत पवार और इंदौर से उसके साथी धर्मेंद्र पांचाल को गिरफ्तार किया गया. पुलिस दोनों से अन्य चोरी की वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है.

उज्जैन में 15 से ज्यादा चोरी का खुलासा, 5 शातिर चोर गिरफ्तार
भाटपचलाना पुलिस ने अंतरजिला चोरी और गृहभेदन की 15 से ज्यादा वारदातों का खुलासा करते हुए मुरैना निवासी 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 11.27 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है. इसमें करीब 3.5 किलो चांदी के आभूषण, 1.52 लाख रुपये नकद और 2 मोटरसाइकिल शामिल हैं.

13 साल की कंचन का मध्य प्रदेश खेल अकादमी में चयन, शाहपुर में निकली भव्य स्वागत रैली
बुरहानपुर के शाहपुर की 13 वर्षीय कंचन सोनार का मध्यप्रदेश खेल अकादमी में चयन हुआ है. इस उपलब्धि पर शहरवासियों ने गाजे-बाजे के साथ स्वागत रैली निकाली. जगह-जगह पुष्पवर्षा और आतिशबाजी कर कंचन का सम्मान किया गया. कंचन की सफलता में उनके प्रशिक्षक उमेश महेश्री के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही. बेटी की उपलब्धि से माता-पिता और पूरा शाहपुर गौरवान्वित है.

भिंड में सेहत से खिलवाड़! ग्लूकोज-पामोलिन ऑयल से बन रहा था मावा, 103 किलो सामान जब्त
भिंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापामार कार्रवाई कर मिलावटी मावा तैयार करने के मामले का खुलासा किया है. गोरमी के रावतपुरा स्थित डेयरी में दूध में रिफाइंड पामोलिन ऑयल और ग्लूकोज पाउडर मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। टीम ने 40 किलो मावा, 55 किलो पामोलिन ऑयल और 8 किलो ग्लूकोज पाउडर जब्त किया. मौके पर ऑयल मिला 15 लीटर दूध नष्ट कराया गया और डेयरी का संचालन बंद कराया गया. इसके अलावा भिंड शहर में एक स्टोर से 8.4 लीटर घी भी जब्त कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं.

बिलासपुर में युवक से मारपीट कर लूट, 3 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
रतनपुर पुलिस ने युवक से मारपीट कर 1 हजार रुपये लूटने के मामले में 3 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने देर रात पैसों की मांग को लेकर युवक से मारपीट की और रुपये लूटकर फरार हो गए थे. पुलिस ने लूटे गए 1 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त कर लिया है.

छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा पर बड़ा फोकस, 8 जिलों के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना
राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सड़क हादसों पर प्रभावी रोक लगाने, 108 एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता और ट्रॉमा सेंटरों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए. रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, बलौदाबाजार, सरगुजा और जगदलपुर में दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी. अधिकारियों को सड़क निर्माण से पहले डिजाइन में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए.

स्वास्थ्य मंत्री ने की विभागीय समीक्षा, लापरवाही पर सख्त निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंत्रालय में विभागीय कार्यों और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की. अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा हुई. मंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण इलाज और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

CM मोहन यादव का आज का दौरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज मैहर दौरे पर रहेंगे. दोपहर 1:05 बजे मां शारदा देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे. 1:40 बजे अलाउद्दीन खां स्टेडियम में लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होकर विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन करेंगे. शाम 4:20 बजे मैहर से रीवा रवाना होंगे और वहां से इंदौर जाएंगे. शाम 6 बजे हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचेंगे.

रायपुर में आज कांग्रेस की बैठक, स्मार्ट मीटर के विरोध की बनेगी रणनीति
शहर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक आज दोपहर 12 बजे गांधी मैदान में होगी. बैठक में स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी. जिला प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर, जिला अध्यक्ष श्री कुमार मेनन समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे. कांग्रेस लगातार स्मार्ट मीटर हटाने की मांग का विरोध कर रही है.

मैहर को 256 करोड़ की सौगात, लाड़ली बहनों के खाते में आएंगे ₹1,750
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज मैहर के उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान लाड़ली बहनों के खातों में नियमित ₹1,500 के साथ रक्षाबंधन के लिए ₹250 की अतिरिक्त शगुन राशि ट्रांसफर की जाएगी. मुख्यमंत्री करीब ₹256 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हैं. रातभर बारिश के बाद सुबह मौसम खुला है और दोपहर करीब 1:30 बजे कार्यक्रम आयोजित होगा.

राजनांदगांव में अवैध शराब पर कार्रवाई, 160 पौवा जब्त
डोंगरगांव थाना क्षेत्र के उमरवाही गांव में पुलिस ने अवैध शराब बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी के घर की बाड़ी में छिपाकर रखी गई 160 पौवा देशी शराब जब्त की गई. मामले में पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

नरसिंहपुर में 6 लाख की स्मैक जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार
नरसिंहपुर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत कार्रवाई करते हुए 53.60 ग्राम स्मैक बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए नशे के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है.

गोटेगांव स्टेशन पर शराब तस्करी का खुलासा, 14 पेटी के साथ 2 गिरफ्तार
गोटेगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के जरिए लाई गई अवैध शराब की तस्करी का पुलिस ने खुलासा किया है. कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 पेटी देशी मसाला और प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है. दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

सतना में लगातार बारिश से जलभराव, बाढ़ का खतरा
सतना में पिछले 12 घंटे से जोरदार बारिश जारी है. शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है और नालियों का पानी घरों तक पहुंच गया है. नदी-नाले भी उफान पर हैं. अगर बारिश कुछ घंटे और जारी रही तो बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं.

रायपुर में आज अरुण साव की प्रेस कॉन्फ्रेंस
डिप्टी सीएम अरुण साव आज दोपहर 1 बजे नवा रायपुर के संवाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. वे PWD विभाग की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी देंगे.

CM विष्णुदेव साय का आज का दौरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11:15 बजे ओमाया गार्डन में जल संसाधन विभाग के श्रोत महोत्सव में शामिल होंगे. दोपहर 1 बजे मंत्रालय पहुंचकर शाम 5 बजे तक कार्यालयीन कार्य करेंगे. शाम 6 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.

रायपुर: बीजेपी का सहयोग केंद्र आज भी जारी
मंत्री ओपी चौधरी आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आमजन और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे. संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान प्रयास किया जाएगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *