राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से सुस्त रहा मानसून फिर एक्टिव हो गया है। आज 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। शुक्रवार को भरतपुर, जयपुर संभाग के एरिया में दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ।
.
कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई और कुछ जगहों पर हवा चली। मौसम में इस बदलाव से जयपुर, दौसा समेत कई शहरों के तापमान में गिरावट हुई।
मौसम विभाग ने राज्य में 15 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में अब भी गर्मी का असर है। यहां तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है।
प्रदेश में बारिश की स्थिति

मानसून के बड़े अपडेट्स
पिछले 24 घंटे में हुई बारिश: जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, सीकर, बूंदी, बारां, झालावाड़ के एरिया में कई स्थानों पर 2 इंच तक बरसात हुई। सबसे ज्यादा बारिश अलवर के कोटकासिम में 45MM रिकॉर्ड हुई। तेज बारिश से अलवर, सवाई माधोपुर, दौसा के कुछ एरिया में सड़कों पर पानी भर गया। गर्मी, उमस से भी लोगों को राहत मिली।
लो प्रेशर सिस्टम के कारण बारिश: मौसम विशेषज्ञों ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम आज दक्षिणी उड़ीसा और उत्तरी आंध्रप्रदेश से लगे बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। इस सिस्टम के अगले 24 घंटे के दौरान मध्य भारत से होकर पश्चिम की ओर आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। इससे राजस्थान के दूसरे इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
बीकानेर में पारा 40 डिग्री पर पहुंचा: बीकानेर, जोधपुर संभाग के एरिया में बारिश थमने और पश्चिमी हवाएं चलने से गर्मी तेज हो गई। शुक्रवार दिन में सबसे ज्यादा गर्मी बीकानेर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चूरू, गंगानगर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री रहा।


आगे कैसा रहेगा मौसम




राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल
जयपुर: शुक्रवार दोपहर तक आसमान साफ रहा और तेज गर्मी-उमस रही। दोपहर बाद आसमान में बादल छाए और हल्की हवा चलने के साथ शाम को कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव ने गर्मी-उमस से राहत दी। जयपुर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

शुक्रवार दोपहर बाद बदले मौसम के कारण गर्मी-उमस से राहत मिली है। शनिवार को भी जयपुर में बारिश की संभावना है।
जोधपुर: जिले में सितंबर के दूसरे सप्ताह में भी तेज गर्मी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गयाजो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

जोधपुर में बीते करीब एक महीने से बारिश नहीं हुई। मानसून कमजोर रहने के कारण जिले में सूखे जैसे हालात हैं।
अलवर: जिले में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदला। कई इलाकों में कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश हुई। अलवर शहर में करीब आधे घंटे से अधिक बरसात हुई। अच्छी बारिश होने पर रूपारेल नदी में पानी की आवक बढ़ सकती है, जिससे जयसमंद बांध में भी पानी पहुंचने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24.9 डिग्री रहा।

अलवर में शुक्रवार दोपहर में तेज बारिश हुई। शहर के कई इलाकों में सड़कें डूब गईं।
उदयपुर: लेकसिटी में बीते कई दिनों से बरसात नहीं होने के कारण गर्मी बढ़ रही है। शुक्रवार को भी दिनभर तेज धूप रही। दिन का तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 35.8 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उदयपुर में बारिश की संभावना है।

उदयपुर में तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। सितंबर में भी तेज गर्मी के कारण इन दिनों शहर में टूरिस्ट की संख्या कम है।
अजमेर: दिनभर गर्मी और उमस का असर रहा। अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर गर्मी के कारण लोग परेशान रहे।

अजमेर में दिनभर मौसम साफ रहने से गर्मी-उसम महसूस हुई। आने वाले दिनों में हल्की बारिश हो सकती है।
सीकर: शुक्रवार दिनभर मौसम साफ रहने के बाद शाम को बादल छाए। रात होते-होते हवा चलने लगीं। दिन का तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में अगले 2 दिन के तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है।

सीकर में शाम को बादल छाए। जिले में आने वाले दिनों में बरसात की संभावना है।
कोटा: दिनभर उमस और धूप का असर रहा। शाम करीब 4 बजे बाद मौसम बदला और ठंडी हवाओं के साथ शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। कोटा में अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 26.2 डिग्री दर्ज किया गया।

कोटा में शुक्रवार शाम कई इलाकों में बारिश हुई।















Leave a Reply