स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल-2027 से पहले हार्दिक पांड्या को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि उनका मुंबई इंडियंस से विदा होना तय है। मुंबई ने पिछला सीजन उन्हीं की कप्तानी में खेला था, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली तो उनका जाना तय माना जा रहा है। उनको हासिल करने की रेस में चेन्नई सुपर किंग्स का नाम चला था। हालांकि, अब इस रेस में राजस्थान रॉयल्स की टीम नंबर-1 पर है।
साल 2008 में पहले आईपीएल का खिताब जीतने वाली राजस्थान पांड्या को हासिल करने की जोर आजमाइश कर रही है। पांड्या ने अपने करियर की शुरुआत मुंबई से की थी, लेकिन 2022 में वह नई टीम गुजरात टाइटंस में चले गए थे और कप्तानी करते हुए टीम को खिताब दिलाने में सफल रहे थे। इसके बाद वह दोबारा मुंबई में बतौर कप्तान लौटे थे।
अश्विन ने किया खुलासा
भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर और राजस्थान के लिए खेल चुके रविचंद्रन अश्विन ने इस बात का खुलासा किया है कि राजस्थान इस समय पांड्या को हासिल करने की रेस में नंबर-1 पर है। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि इस समय राजस्थान पांड्या को हासिल करने की रेस में पहले नंबर पर है। उन्होंने कहा, “ऐसी चर्चा थी कि एमएस धोनी निजी तौर पर पांड्या से सीएसके में आने को लेकर बात करेंगे। पांड्या चेन्नई के लिए अच्छे विकल्प साबित हो सकते हैं, लेकिन मेरे विचार में ऐसा नहीं होगा। जो मैंने सुना है उसके मुताबिक, राजस्थान इस समय हार्दिक को ट्रेड करने की रेस में टॉप पर है।”
कई और टीमों की थी चर्चा
पांड्या को लेकर कई तरह की चर्चा उठी थीं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया था कि कोलकाता नाइट राइडर्स पांड्या में दिलचस्पी दिखा रही है क्योंकि उसे एक कप्तान की जरूरत है और पांड्या वो जिम्मेदारी निभा सकते हैं। ऐसी भी खबरें थी की पांड्या मुंबई से नहीं जाएंगे, लेकिन वह कप्तान भी नहीं रहेंगे। हाल ही में मुंबई ने अपने कोच महेला जयवर्धने को अलविदा कह दिया है जिससे इस बात के संकेत तो मिल गए हैं कि पांच बार की चैंपियन अपने नेतृत्व में बदलाव के बारे में सोच रही है।















Leave a Reply